Kolkata restaurant licence suspension
दुर्गा पूजा से पहले कोलकाता में खाद्य सुरक्षा को लेकर नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की है। घटिया या अस्वास्थ्यकर भोजन, खराब खाद्य सामग्री के भंडारण और स्वच्छता नियमों के उल्लंघन के आरोपों के बाद कोलकाता नगर निगम ने 40 रेस्टोरेंट्स और खाद्य प्रतिष्ठानों के फूड लाइसेंस अस्थायी रूप से सस्पेंड (Kolkata restaurant licence suspension) कर दिए हैं। सूची में Arsalan, Karim’s, Nizam’s और Shimla Biryani जैसे लोकप्रिय नामों के साथ कई मिठाई की दुकानें भी शामिल हैं।
कोलकाता नगर निगम की प्रशासक स्मिता पांडे के अनुसार, पिछले एक सप्ताह के दौरान शहर के अलग-अलग हिस्सों में बड़े पैमाने पर खाद्य सुरक्षा जांच की गई। रेस्टोरेंट्स के अलावा मिठाई की दुकानों, स्ट्रीट फूड आउटलेट्स और फूड कोर्ट्स को भी जांच के दायरे में रखा गया।
कुल 592 प्रतिष्ठानों की जांच के बाद अधिकारियों की रिपोर्ट के आधार पर 40 जगहों के फूड लाइसेंस को अस्थायी रूप से सस्पेंड किया गया। अभियान के दौरान करीब 1,224 किलो खाद्य सामग्री नष्ट की गई और खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए गए।
जांच के दौरान कहीं बासी या खराब मांस मिला तो कहीं खाद्य सामग्री में फंगस पाए जाने की बात सामने आई। कुछ स्थानों पर भोजन को अस्वच्छ तरीके से रखने की शिकायत भी मिली। मिठाई की दुकानों में पनीर और खोया की गुणवत्ता की भी जांच की गई।
लाइसेंस सस्पेंड किए गए प्रतिष्ठानों में रिपन स्ट्रीट का Karim’s, नागेरबाजार का Arsalan, ईएम बाईपास का Shimla Biryani और धर्मतला का Nizam’s शामिल हैं। मिठाई की दुकानों में Balaram Mullick & Radharaman Mullick और Mishtimukh जैसे नाम भी सूची में बताए गए हैं।
नगर निगम के मुताबिक, लाइसेंस सस्पेंड किए गए प्रतिष्ठानों को खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए समय दिया गया है। सुधार के बाद दोबारा निरीक्षण किया जाएगा। नियमों का पालन संतोषजनक पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों को दोबारा कारोबार शुरू करने की अनुमति मिल सकती है।
अधिकारियों के अनुसार, अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं बल्कि शहर में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के मानकों को मजबूत करना भी है। जांच के दौरान रसोई की सफाई, खाद्य पदार्थों के भंडारण और उनकी गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया गया।
नगर निगम प्रशासन ने संकेत दिया है कि दुर्गा पूजा के दौरान भी खाद्य सुरक्षा अभियान जारी रहेगा। त्योहार के मौसम में रेस्टोरेंट्स और फूड आउटलेट्स में ग्राहकों की संख्या बढ़ने के कारण प्रशासन खाद्य गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर और अधिक सतर्क रहने की तैयारी में है।