LPG booking rule 25 days
त्योहारी सीजन से पहले घरेलू LPG उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। केंद्र सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में LPG रिफिल बुक करने के लिए लागू 45 दिनों के अंतर को घटाकर 25 दिन कर दिया है। अब ग्रामीण और शहरी—दोनों क्षेत्रों के घरेलू LPG उपभोक्ता 25 दिनों के अंतराल पर अगला सिलेंडर बुक कर सकेंगे। सरकार ने तेल विपणन कंपनियों को इस बदलाव को तत्काल लागू करने का निर्देश दिया है।
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण भारत में LPG आपूर्ति पर दबाव बढ़ा था। इसी वजह से ग्रामीण क्षेत्रों में दो रिफिल के बीच का अंतर 45 दिन किया गया था, जबकि शहरी क्षेत्रों में 25 दिनों का अंतर लागू था।
अब केंद्र के मुताबिक LPG की आपूर्ति स्थिति में सुधार हुआ है और रिफिल के लिए इंतजार कर रहे उपभोक्ताओं की संख्या में भी काफी कमी आई है। ऐसे में सरकार ने पुराने प्रतिबंधों में ढील देने का फैसला किया है।
इस फैसले का सबसे बड़ा फायदा ग्रामीण परिवारों को मिलेगा। जिन घरों में LPG की खपत अधिक है, उन्हें सिलेंडर खत्म होने के बाद अगली बुकिंग के लिए 45 दिनों तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
नए नियम के बाद LPG रिफिल बुकिंग को लेकर ग्रामीण और शहरी उपभोक्ताओं के बीच अंतर खत्म हो गया है। अब घरेलू LPG उपभोक्ताओं के लिए पूरे देश में 25 दिनों का समान बुकिंग अंतराल लागू होगा।
त्योहारों, शादी-ब्याह और अन्य पारिवारिक आयोजनों के दौरान LPG की खपत बढ़ने पर यह बदलाव खास तौर पर उपयोगी हो सकता है।
घरेलू LPG की कीमत फिलहाल नहीं बढ़ी है। IndianOil के अनुसार, कोलकाता में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत ₹968 है। यह कीमत 7 जून 2026 से अपरिवर्तित है।
हालांकि, 1 सितंबर से 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत बढ़ी है। कोलकाता में इसकी नई कीमत ₹2,884 है, जबकि पहले यह ₹2,872.50 थी। दिल्ली में यह ₹2,747.50 और चेन्नई में ₹2,916.50 है।